संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़
पांढुर्णा के शारदा मार्केट में 30 वर्षों से चल रहे एक निजी अस्पताल पर आज प्रशासन ने ऐसा छापा मारा कि पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिला कलेक्टर नीरज वशिष्ठ के निर्देश पर तहसीलदार मोहित गणवीर के नेतृत्व में बीएमओ मनीष मरावी, पटवारी और पुलिस दल की संयुक्त टीम ने अचानक दबिश दी। महज 3 घंटों की कार्यवाही में उस चैंबर को सील कर दिया गया, जहां डॉक्टर पिछले 30 वर्षों से प्रैक्टिस करते आ रहे थे।
छापे में अस्पताल के अंदर से भारी मात्रा में एक्सपायरी दवाईयां और इंजेक्शन मिले, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। सोचिए, मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाली यही एक्सपायरी दवाइयां कब से लोगों को दी जा रही थीं। जांच में डॉक्टर के पास बीएएमएस की डिग्री के दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस घटना की जानकारी कुछ भाजपा नेताओं को लगी तो उन्होंने प्रशासकीय कार्यवाही में तहसीलदार और बीएमओ को कार्यवाही नहीं करने के लिए मनाते रहे, लेकिन तहसीलदार नहीं माने। तहसीलदार ने अस्पताल को सील किया और सख्त कार्यवाही की।
तहसीलदार मोहित गणवीर ने बताया कि डॉक्टर के पास बीएएमएस की डिग्री के दस्तावेज मिले हैं। अस्पताल में एक्सपायरी दवाईयां और इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। जहां डॉक्टर प्रैक्टिस करते थे, वह चैंबर सील कर कार्रवाई की गई है। अग्रिम कार्यवाही हेतु कलेक्टर साहब को प्रतिवेदन जमा किया जाएगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 30 साल से चल रहे इस खेल पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। स्थानीय लोगों में इसको लेकर बड़ी चर्चा चल रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों और फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
