तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, विधायक एवं कलेक्टर ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक
22 से 24 नवंबर तक चलेगा अभियान, पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
अभियान के पहले दिन बूथों पर होगा टीकाकरण, अगले दो दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पिलाएंगी पोलियो की दवा
खरगोन 22 नवंबर 2026। जिले में रविवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ जिला अस्पताल खरगोन में किया गया। अभियान का शुभारंभ विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार एवं कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। यह अभियान 22 से 24 नवंबर तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के प्रथम दिवस 22 नवंबर को जिले के समस्त प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं 23 एवं 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमें घर-घर पहुंचकर बूथ पर दवा पीने से छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
अभियान के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाट-बाजारों एवं घुमंतू क्षेत्रों में आने-जाने वाले बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाने के लिए विशेष मोबाइल टीमों का गठन किया गया है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
इस अवसर पर विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।
कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए सभी अभिभावकों की सहभागिता जरूरी है। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से छूटने न पाए।
शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलत सिंह चौहान, सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. धीरेंद्र पवार सहित जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ, एनयूएचएम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
