हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने शनिवार को तहसील दिवस के बाद ग्राम पतारा में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
वहीं संपूर्ण समाधान दिवस से बिना सूचना गायब मिले सात अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश देकर प्रशासनिक महकमे में सख्ती का संदेश दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित मिले अधिकारियों में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, अधिशासी अभियंता नलकूप, भूमि संरक्षण अधिकारी तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शामिल हैं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में अधिकारियों की गैरहाजिरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद डीएम ने पतारा गौशाला का औचक निरीक्षण किया।
यहां अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और ग्राम पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पांच दिन के भीतर गौशाला की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की चेतावनी दी।
जन चौपाल में डीएम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय से मिले और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
