जिला ब्यूरोचिफ रवि गोस्वामी,
*सीतापुर/मैनपाट।* कई पीढ़ियों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन गुजार रहे माझी समाज के लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण जगी है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मैनपाट विकासखंड के ग्राम बंदना स्थित घुटरापारा माझी बस्ती को गोद लेने की घोषणा की है।
जनसंपर्क के दौरान विधायक ने बस्ती पहुंचकर युवाओं, माताओं-बहनों, वरिष्ठजनों और बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और बस्ती में मूलभूत सुविधाओं की कमी तथा शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों को गंभीरता से समझा।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने भरोसा दिलाया कि घुटरापारा माझी बस्ती को सर्वसुविधायुक्त बनाने और ग्रामीणों को बेहतर जीवनयापन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उनकी इस घोषणा से बस्ती के लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।
इस दौरान भाजपा मंडल राजापुर के पदाधिकारी विक्की सोनी, जगेश्वर राम अगरिया, जीवन सहित जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अब उम्मीद है कि वर्षों से विकास की राह देख रही माझी बस्ती तक भी जल्द मूलभूत सुविधाएं पहुंचेंगी और ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
