बानसूर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बाढ़ मिलकपुर (रसनाली) में गैस सिलेंडर लीकेज से लगी आग की घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में घायल एक महिला ने जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अन्य घायलों का अभी भी उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि अचानक सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा पीड़ित परिवार के निवास पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उनके दुःख में शामिल हुए। डॉ. शर्मा ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान डॉ. शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता तथा घायलों को समुचित उपचार तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार अकेला नहीं है, पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है।
डॉ. शर्मा ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
