
लूट का असफल व फयरिंग करने वाले आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता 9783029649
भरतपुर। रूपवास थाना पुलिस ने सर्राफा व्यापारी से लूट के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का महज 45 घंटे में पर्दाफाश करते हुए 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफतार आरोपियों की पहचान चन्द्रकेश उर्फ लुक्का उर्फ शिवा पुत्र शिम्भू, गुर्जर पुत्र योगेन्द्र और सौरभ पुत्र योगेन्द्र के रूप में हुई है। तीनों बदमाश बागड कोलोनी रूपबास के निवासी है। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है, जबकि घटना में इस्तेमाल हथियार की तलाश जारी है। गौरतलब है कि, 12 नवंबर को कस्बा रूपवास के महादेव चौक स्थित मनुआ वाली गली में सर्राफा व्यापारी धीरज, अपनी दुकान से घर लौट रहा था। उसी दौरान कुछ हथियारबंद बदमाशों ने उसके बैग को छीनने का प्रयास किया और असफल होने पर फायरिंग कर दी। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में किराना व्यापारी अरुण गोयल को चेहरे पर होठ के पास गोली लगी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ने अगले ही दिन घटनास्थल का दौरा कर सीओ नीरज भारद्वाज के नेतृत्व में नवनियुक्त थानाधिकारी विनोद मीणा और डीएसटी प्रभारी मुकेश कुमार की दो अलग अलग विशेष पुलिस टीम का गठन कर दिया। टीमों ने तहकीकात की शुरुआत सीसीटीवी कैमरों से की और कस्बे में लगे करीब 40 से 50 कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार विश्लेषण के बाद पुलिस को संदिग्धों की पहचान के संकेत मिलने लगे। विभिन्न संस्थानों, पंचायतों और दुकानों के कैमरों की फुटेज को मिलाकर पुलिस ने पाया कि वारदात को अंजाम देने वाले युवक कस्बे रूपवास के ही रहने वाले हैं। संदिग्धों की तस्वीरें विकसित कर टीमें लगातार उनके ठिकानों पर निगरानी रखती रहीं। लगातार पीछा करते हुए और फुटेज के आधार पर पुलिस ने 14 नवंबर को तीन युवकों को चिन्हित कर दस्तयाब कर लिया। पूछताछ में उन्होंने लूट की योजना बनाने और व्यापारी पर फायरिंग करने की बात भी कबूल ली। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से रेकी कर रखी थी और मौका पाकर व्यापारी के बैग को लूटने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। गिरफ्तार बदमाशों से अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।