
*भाजपा प्रतिनिधिमंडल की पहल से पांढुर्णा को मिल सकता है खेल स्टेडियम*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
*केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं खेल मंत्री विश्वास सारंग से रखी गई ठोस मांग*
पांढुर्णा | पांढुर्णा नगर के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी पांढुर्णा नगर मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी तथा मध्यप्रदेश सरकार में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्री श्री विश्वास सारंग जी से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई नगर मंडल अध्यक्ष श्री प्रकाश बंटी छागानी ने की। प्रतिनिधियों ने मंत्रियों को पांढुर्णा नगर में आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान (स्टेडियम) के निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराते हुए औपचारिक निवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के युवा खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, किंतु वर्षों से नगर में स्थायी खेल अधोसंरचना के अभाव में प्रतिभाएं उचित मंच से वंचित हैं।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता युवाओं को सशक्त बनाना है और खेल इसके लिए एक मजबूत माध्यम है। उन्होंने पांढुर्णा के लिए रखे गए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार एवं आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।
वहीं सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग जी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। पांढुर्णा जैसे उभरते नगरों में खेल सुविधाओं का विस्तार सरकार की नीति का हिस्सा है और इस मांग को प्रक्रिया में आगे बढ़ाया जाएगा।
इस प्रतिनिधिमंडल में नगर मंडल उपाध्यक्ष श्री पंकज नाईक,
कोषाध्यक्ष श्री भूपेंद्र करेरा,
सोशल मीडिया प्रभारी श्री रोशन चातरकर तथा युवा भाजपा नेता श्री गिरीश कोरडे प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में पांढुर्णा के युवाओं की भावनाओं और नगर की आवश्यकता को मजबूती से रखा।
इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा मध्यप्रदेश के कार्यालय मंत्री आदरणीय श्री श्याम महाजन जी से भी भेंट कर संगठनात्मक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। श्री महाजन जी ने इस विषय को जनहित से जुड़ा बताते हुए पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
इस पहल से यह स्पष्ट संदेश गया है कि भाजपा प्रतिनिधिमंडल पांढुर्णा के विकास, युवाओं के भविष्य और खेल सुविधाओं को लेकर पूरी तरह सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है। नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि शीघ्र ही इस दिशा में ठोस निर्णय लेकर पांढुर्णा को बड़ी सौगात मिलेगी।