

रिपोर्टर राजकुमार हमीरपुर अखंड भारत
सुमेरपुर हमीरपुर। विकास खंड सुमेरपुर के मवई जार क्षेत्र के मौजा चंदौली जार गांव में मंगलवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। गांव निवासी महेश अनुरागी का 7 वर्षीय पुत्र देवी प्रसाद आंगनबाड़ी पढ़ने के लिए घर से निकला था। रास्ते में वह गांव के पास बने नाले को पार कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नाले के गहरे पानी में जा गिरा। कुछ ही क्षणों में वह पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, नाले की पीचिंग पर फिसलन भरी काई जमी हुई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला गया।
ग्राम प्रधान ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालक की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।