
बिजली के तार टूटने से भीषण आग, 30 एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक — विधायक नीलेश उईके ने किया मौके का निरीक्षण, मुआवजे की मांग तेज
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
जिले के ग्राम चिमनखापा में विगत दिनों एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां बिजली के तार टूटकर गिरने से खेतों में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 30 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस घटना से क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक बिजली का तार टूटकर खेतों में गिरा, जिससे चिंगारी भड़की और सूखी फसल ने तुरंत आग पकड़ ली। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं सूचना मिलते ही दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पांढुर्णा विधायक नीलेश उईके तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और खेतों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान किसानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि यह फसल उनके सालभर की मेहनत का परिणाम थी, जो एक ही झटके में नष्ट हो गई।

विधायक उईके ने मौके पर ही तहसीलदार एवं पटवारी को बुलाकर नुकसान का त्वरित एवं निष्पक्ष सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और हर प्रभावित किसान को उचित राहत मिलनी चाहिए।

विधायक ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे स्वयं इस मामले को शासन स्तर पर उठाकर किसानों को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। किसानों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए नियमित मेंटेनेंस और जर्जर तारों को बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।