
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर एवं वृक्ष मित्र संगठन, हमीरपुर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को यमुना परिपथ पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण जागरूकता अभियान का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) श्री धीरेंद्र सिंह ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि श्रीमती वंदना अग्रवाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार होने के साथ-साथ सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में पीएलवी छाया प्रजापति, योग शिक्षिका रानी बाथम, वृक्ष मित्र संगठन के सदस्य बिट्टू भदौरिया, नवल किशोर यादव, सुमन पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन/संयोजन राजेंद्र वीर सिंह चौहान ने किया, जबकि संचालन देशराज रत्नाकर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर तबला वादक देवेंद्र सिंह देवगांव, गायक हरिहर मास्टर (मेरापुर) तथा टिकरौली कॉलेज के विद्यार्थियों ने योग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों एवं बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

