
पांढुर्णा में ‘शंकर पट’ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, वर्षों बाद लौटी पारंपरिक रौनक
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
“जय जवान जय किसान” के उद्घोष के साथ पांढुर्णा युवा शेतकरी संगठन द्वारा शहर में वर्षों बाद पारंपरिक ‘शंकर पट’ (बैलगाड़ी दौड़) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में किसान, खेल प्रेमी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़, नगरपालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े, मंडल अध्यक्ष प्रकाश बंटी छांगानी, पूर्व नपा उपाध्यक्ष अरुण भोसले, सभापति उमेश उरकुडे, रामेश्वर खोडे, सतीश बांबल, माधव पाटील, पंकज नाईक, पार्षद दुर्गेश उईके तथा रोशन चऊतकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा आयोजक संस्था के कार्यों की सराहना की।

प्रतियोगिता में कुल ₹2 लाख 85 हजार की आकर्षक पुरस्कार राशि रखी गई थी। प्रथम पुरस्कार ₹51 हजार सांसद विवेक बंटी साहू की ओर से, द्वितीय पुरस्कार ₹41 हजार भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़ की ओर से, तृतीय पुरस्कार ₹31 हजार नगरपालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े की ओर से तथा चतुर्थ पुरस्कार ₹15 हजार जय भवानी शोरूम (अनिल खंडार) की ओर से प्रदान किया गया। इसके अलावा गांव गट पुरस्कार ₹21 हजार भाजपा जिला उपाध्यक्ष उज्ज्वलसिंह चौहान द्वारा दिया गया।
कई वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने अपने तेजतर्रार बैलों के साथ हिस्सा लिया, जिससे मुकाबला रोमांचक बन गया।

उल्लेखनीय है कि ‘शंकर पट’ विदर्भ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की एक प्रमुख पारंपरिक खेल संस्कृति है, जो न केवल पशुपालन को बढ़ावा देती है बल्कि किसानों एवं युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य भी करती है। आयोजन की सफलता ने क्षेत्र में इस पारंपरिक खेल के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया है।