

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद में डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में ईंधन और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक खरीदारी न करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जनपद हमीरपुर में 20 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।
27 मार्च 2026 को जिले में कुल 1932 गैस सिलेंडर बुक कराए गए थे, जिनमें से बिक्री दिवसों में 2029 उपभोक्ताओं को आपूर्ति सुनिश्चित कराई गई। वहीं 28 मार्च 2026 को जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों में सभी श्रेणियों को मिलाकर 6564 एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध बताया गया है।
इतना ही नहीं, प्रशासन के अनुसार 3449 अतिरिक्त गैस सिलेंडर विभिन्न परिवहन वाहनों के माध्यम से गैस एजेंसियों तक पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं, जो देर शाम तक एजेंसियों में पहुंच जाएंगे। इस प्रकार जिले में उपभोक्ताओं के लिए कुल 8013 एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। यह संख्या 27 मार्च को हुई 1932 बुकिंग के सापेक्ष लगभग 4.5 गुना अधिक बताई गई है।
94 पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद के 94 पेट्रोल पंपों के माध्यम से जनता को डीजल और पेट्रोल की नियमित आपूर्ति कराई जा रही है।
27 मार्च 2026 को जिले में उपभोक्ताओं के वितरण हेतु 586.7 किलोलीटर पेट्रोल और 737.5 किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध था। इसी दिन जिले में 131.76 किलोलीटर पेट्रोल और 570.03 किलोलीटर डीजल की बिक्री दर्ज की गई।
इसके अलावा, निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के लिए 662 किलोलीटर डीजल और 127 किलोलीटर पेट्रोल की अतिरिक्त आपूर्ति भी विभिन्न पेट्रोल पंपों के लिए सुनिश्चित कराई गई है। प्रशासन ने बताया कि 28 मार्च को भी उपभोक्ताओं के वितरण हेतु पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम संकट पैदा करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी इसमें संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, अफवाहों से बचें और जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें।