
असंवैधानिक तरीके से हुआ अधिवेशन, भारतीय रेल डाक सेवा कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश में गहराया विवाद
संवाददाता: प्रभाकर मिश्र
प्रयागराज, 3 अगस्त 2025 भारतीय रेल डाक सेवा कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश परिमंडल का प्रांतीय अधिवेशन बिना किसी विधिवत अनुमति और प्रांतीय कार्यकारिणी की सहमति के संपन्न कराए जाने पर संगठन में भारी असंतोष और नाराजगी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 3 अगस्त को प्रयागराज रेलवे स्टेशन के बाहर भारतीय मजदूर संघ कार्यालय के सामने डाक विभाग के कुछ कर्मचारियों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध उस तथाकथित प्रांतीय अधिवेशन को लेकर था, जो बिना संगठन की औपचारिक अनुमति के होटल गोल्डन पैलेस में आयोजित किया गया।
प्रांतीय अध्यक्ष श्री अनूप मिश्रा ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि यह अधिवेशन न केवल असंवैधानिक है, बल्कि इससे पूरे संगठन की छवि धूमिल हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में प्रयागराज मंडल संघ की अहम भूमिका है, और उसकी सहमति के बिना ऐसा कोई भी कार्यक्रम मान्य नहीं हो सकता।
प्रांतीय सचिव श्री स्वराज सिंह ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों को लिखित शिकायत भेजने की बात कही है। उन्होंने यह भी मांग की है कि उचित प्रक्रिया के तहत पुनः प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन किया जाए ताकि संगठन की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराएं बनी रहें।
विशेष रूप से यह भी सामने आया है कि होटल में एकत्रित कुछ नेताओं ने बिना किसी वैधानिक आधार के “कूटरचित कार्यकारिणी” की घोषणा भी कर दी, जिसे संघ के अधिकांश सदस्यों ने खारिज कर दिया है। दो दिन चलने वाले अधिवेशन को एक दिन में ही समाप्त कर देना और वह भी विरोधी नेशनल यूनियन के सहयोग से, संगठन में फूट डालने की साजिश प्रतीत हो रही है।
प्रयागराज मंडल के मंडलीय सचिव श्री राहुल चंद्रा ने कहा कि ऐसे कार्य संगठन के मूल्यों और संस्थापक आदर्शों के विरुद्ध हैं। यह कृत्य न केवल संगठन की अखंडता को चुनौती देता है, बल्कि भारतीय मजदूर संघ और स्व. दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के आदर्शों का भी अपमान करता है।
पूरे प्रकरण के बाद प्रदेश भर के रेल डाक सेवा कर्मियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। संगठन के वरिष्ठ नेता इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
