
नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में एक विशेष अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओड़िया फिल्म ‘श्री जगन्नाथ का नवकलेबर’ का विशेष प्रदर्शन देखा। यह फिल्म भगवान जगन्नाथ के पवित्र नवकलेबर अनुष्ठान की उत्पत्ति और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती है।
इस अवसर पर फिल्म की निर्देशक सौभाग्यलक्ष्मी जेना और पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही। कलाकारों में सिद्धांत महापात्र, ज्योति रंजन नायक, श्रीतम दास, शिवानी संगीता, पिंकी प्रधान, अंशुमान और शंकर त्रिपाठी शामिल थे।
फिल्म निर्माता बिनी सामल, गुरु डॉ. चंद्रभानु सतपथी, फिल्म सलाहकार बिभुप्रसाद मोहापात्र और राज्यसभा सांसद मुना खान भी इस सांस्कृतिक आयोजन में उपस्थित थे।
राष्ट्रपति की उपस्थिति ने इस आयोजन को गरिमा प्रदान की और यह ओड़िया संस्कृति एवं कला की समृद्धि को दर्शाने वाला एक यादगार क्षण बन गया। फिल्म के कलाकारों और निर्माताओं ने राष्ट्रपति महोदय का आभार प्रकट किया कि उन्होंने इस ऐतिहासिक और भक्तिपूर्ण फिल्म को देखा और ओड़िया संस्कृति की सराहना की।
‘श्री जगन्नाथ का नवकलेबर’ ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत में अत्यंत महत्वपूर्ण नवकलेबर अनुष्ठान का ऐतिहासिक और धार्मिक चित्रण प्रस्तुत करती है।