


हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। लालपुरा थाना क्षेत्र में बेतवा नदी पर परसनी और कुरारा कंदौर गांव के बीच निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।बताया जा रहा है कि पुल निर्माण कार्य दो शिफ्टों में चल रहा था। दूसरी शिफ्ट के मजदूर स्लैब के ऊपर काम कर रहे थे, जबकि पहली शिफ्ट के कुछ मजदूर नीचे आराम कर रहे थे। कई मजदूर स्लैब के ऊपरी हिस्से पर ही सो रहे थे। इसी दौरान बीती रात आई तेज आंधी और तूफान के बीच अचानक स्लैब ढह गया और मजदूर मलबे में दब गए।हादसे में लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया है।लालपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि मलबा हटाकर यह देखा जा रहा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति दबा तो नहीं है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।