

बिहार सरकार के गृह विभाग के निर्देशानुसार सभी थानों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य

जिले के सभी थानों में लगे सीसी टीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा
जहानाबाद। समाहरणालय में मंगलवार को जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय ओवरसाइट कमिटी की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के सभी थानों में लगे सीसी टीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें कई कैमरे खराब पाए गए। डीएम ने तत्काल मरम्मत के सख्त निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने बताया कि बिहार सरकार के गृह विभाग के निर्देशानुसार सभी थानों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य है। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना, आमजनों की सुविधा सुनिश्चित करना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है।
समीक्षा के दौरान जिले के सभी 20 थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, कार्यरत एवं खराब कैमरों की संख्या, स्टोरेज क्षमता और अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली गई। इस दौरान कुछ थानों में कैमरे और उनसे जुड़े उपकरण खराब पाए गए।इस पर जिला पदाधिकारी ने गंभीरता जताते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को अविलंब ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सीसीटीवी कैमरों और उपकरणों का नियमित परीक्षण, मॉनिटरिंग और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। खराब कैमरों को कंपनी के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर जल्द से जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, पारदर्शिता बढ़ाने और आम लोगों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए जिले में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक में अपर समाहर्ता, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर पंचायतों के प्रतिनिधि समेत सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।