

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। तहसील राठ सभागार में बुधवार को किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को आधुनिक खेती, फसल संरक्षण, बागवानी, पशुपालन एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.पी. सोनकर ने किसानों को उन्नत खेती, मृदा संरक्षण एवं फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी दी। वहीं कृषि विभाग ने किसानों को बीज अनुदान, फार्मर रजिस्ट्री एवं कम पानी वाली दलहन-तिलहन फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

पशुपालन, उद्यान एवं बैंकिंग विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मिनी नंदिनी योजना, बागवानी, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा एवं ऋण योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों से पराली न जलाने और जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने किसान दिवस में प्राप्त समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।