
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा, हमीरपुर। त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अब मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बांदा में मोमोज खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने और दो छात्रों की उपचार के दौरान मौत की घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग, उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी की संयुक्त टीम ने मौदहा कस्बे की प्रमुख मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिर गए।

टीम ने कस्बे की मुख्य बाजार स्थित जय भवानी स्वीट्स और राजन स्वीट्स में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की जांच की। अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए सुरक्षित कराया। टीम ने दुकानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव और साफ-सफाई का भी जायजा लिया। दोनों प्रतिष्ठानों के आसपास गंदगी मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
बताया गया कि इन दिनों त्योहारी सीजन चल रहा है, जिसके चलते मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ दुकानदारों द्वारा मिलावटी खाद्य सामग्री तैयार कर बिक्री किए जाने की आशंका बनी रहती है। प्रशासन का उद्देश्य ऐसे लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करना और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के बाजार में पहुंचने की खबर तेजी से फैल गई। इसके बाद आसपास की कई खाद्य सामग्री और मिठाई की दुकानों के शटर बंद हो गए। इससे बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल दिखाई दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारी और मौदहा कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावट का कारोबार करने वालों में चिंता बढ़ गई है।

