
जनसुनवाई में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने सुनी 13 आवेदकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
राज्य शासन के साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित इस जनसुनवाई में कुल 13 आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन सौंपे। इस दौरान मुख्य रूप से जाति प्रमाण पत्र, भूमि सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, भू-अधिकार पट्टा, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ तथा खसरा-नक्शा दुरुस्ती से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में राजना निवासी संजय बोरिवार ने बीपीएल कार्ड बनाने, शास्त्री वार्ड निवासी पार्वती बिंझाडे ने आवासीय पट्टा प्रदान करने, ग्राम उमरामक्ता (पोस्ट सिवनी) निवासी प्रभाकर वंजारी ने ड्रोन सर्वे उपरांत भू-अभिलेख पोर्टल पर पट्टा दर्ज कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं, ग्राम रामाकोना (तहसील सौसर) के संदीप बानबोटे द्वारा भूमि सीमांकन एवं ग्राम करमाकड़ी (तहसील सौसर) के सुरेश दुरबडे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक, सीईओ जनपद श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही की गई।
