

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
भरुआ सुमेरपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित श्रुतलेख प्रतियोगिता में क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें क्षेत्र के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल कर विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया।
प्राथमिक विद्यालय चंद्रपुरवा बुजुर्ग के प्रधानाध्यापक इब्राहीम ने बताया कि विद्यालय के छात्र स्वतंत्र कुमार ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्राथमिक विद्यालय ऊंछा की प्रधानाध्यापिका ज़किया बानो ने जानकारी दी कि उनकी छात्रा गौरी ने द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
दोनों विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों ने इसे बच्चों की मेहनत, लगन और निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए अन्य छात्रों से भी प्रेरणा लेने की अपील की।
नवोदय प्रवेश परीक्षा में धनंजय ने 93.75% अंक पाकर बढ़ाया विद्यालय का मान
इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय करेना डेरा के कक्षा 5 के छात्र धनंजय ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 93.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। इस उपलब्धि पर विद्यालय में छात्र का सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान एसएमसी अध्यक्ष हनुमान, प्रधानाध्यापक रामप्रकाश निषाद, शिक्षिका सविता रावत और पुष्पेन्द्र कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने छात्र की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।