
डिंडौरी : 23 मार्च, 2026
जिले के आकांक्षी विकासखंड बजाग में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। एसडीएम बजाग राम बाबू देवांगन के निर्देशन में अब क्षेत्र के सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों (SHC) में प्रत्येक सोमवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत आदिवासी परिवारों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
एक ही स्थान पर जांच और उपचार की सुविधा
इन विशेष शिविरों में ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। शिविर के दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ गंभीर बीमारियों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसमें टीबी (क्षय रोग) की पहचान हेतु जांच, बीपी एवं शुगर की स्क्रीनिंग, सिकल सेल की जांच, मौसमी बीमारियों का उपचार तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को जिम्मेदारी
इस अभियान को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक सोमवार को अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकता होगी। इससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी जांचों के लिए दूरस्थ अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
एसडीएम बजाग राम बाबू देवांगन ने बताया कि इस पहल से वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले हितग्राहियों को सीधे स्वास्थ्य लाभ मिलेगा तथा समय पर जांच से बीमारियों का प्रारंभिक स्तर पर ही उपचार संभव हो सकेगा।
स्वास्थ्य जागरूकता में होगा विस्तार
यह पहल केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। नियमित शिविरों के आयोजन से क्षेत्र के स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार की उम्मीद है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहितकारी कदम बताया है।