
*कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में समय-सीमा (TL) बैठक सम्पन्न*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
*लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों एवं योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*
पांढुर्णा। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा (TL) समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों, सीएम हेल्पलाइन, तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

*राजस्व एवं प्रशासनिक प्रकरणों की समीक्षा*
बैठक में राजस्व संबंधी प्रकरणों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने भूमि नक्शा सुधार, आबादी भूमि घोषणा, नामांतरण, सीमांकन, बटवारा सहित अन्य मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
*अधोसंरचना विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश*
कलेक्टर ने सड़क निर्माण एवं अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विलंब पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ समय-सीमा का पालन अनिवार्य है। संबंधित विभागों को कार्यों की सतत निगरानी कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
*जल जीवन मिशन एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस*
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत नल-जल आपूर्ति, कार्य प्रगति और लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक पेयजल आपूर्ति लक्ष्य के अनुसार सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाओं की गुणवत्ता, आवश्यक संसाधन, दवाइयों की उपलब्धता तथा लंबित भुगतान जैसे मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई।
*जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश*
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी, श्रम विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना देरी के मिलना चाहिए।
उन्होंने आंगनवाड़ी नियुक्ति, श्रम योजनाओं, सोलर पंप योजना, जल संचय एवं जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
*सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय पर समाधान*
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समाधान होना चाहिए। सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
*शिक्षा व्यवस्था एवं सुविधाओं पर चर्चा*
बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने स्कूलों में आवश्यक व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं तथा शिक्षा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
*पारदर्शिता और समन्वय से विकास कार्यों में गति*
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि जिले के विकास कार्यों को गति देने के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही एवं विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में सतत मॉनिटरिंग कर शासन की मंशा अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
*अधिकारी रहे उपस्थित*
बैठक में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती बंदू सूर्यवंशी, तहसीलदार पांढुर्णा सहित जिले के समस्त विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य जिले में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनशिकायतों के त्वरित समाधान तथा विकास कार्यों को समयबद्ध गति प्रदान करना रहा।