

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर। कस्बे के नेहा नर्सिंग होम से लेकर छोटी बाजार तक जाने वाला आम रास्ता इन दिनों अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की चपेट में है। मुख्य मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की सबसे बड़ी चिंता स्कूली बच्चों को लेकर है। संकरी गली और बीच रास्ते में खड़े वाहनों के कारण स्कूल बसें और अन्य वाहन अक्सर जाम में फंस जाते हैं। जब तक इन वाहनों को रास्ते से हटवाया जाता है, तब तक बच्चों के स्कूल पहुँचने का समय निकल चुका होता है। सामाजिक कार्यकर्ता अमीन खान ने इस गंभीर समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है किआम रास्ते पर स्थायी या अस्थायी रूप से वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए ताकि एम्बुलेंस, स्कूली वाहन और राहगीर बिना किसी बाधा के निकल सकें। व्यस्त घंटों के दौरान यातायात सुचारु रखने के लिए उचित व्यवस्था की जाए।
क्षेत्रीय नागरिक अमीन खान का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद वाहनों के खड़े होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रास्ते में अवैध रूप से खड़े वाहन न केवल जाम का कारण बनते हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा में भी बाधा डाल रहे हैं। नगर पंचायत को इस दिशा में तत्काल ठोस पहल करनी चाहिये।