
डिंडौरी आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत विकास के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में आकांक्षी ब्लॉक बजाग के सेक्टर हर्रा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं हेतु एक दिवसीय सघन प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्धारित प्रमुख संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति (Saturation) प्राप्त करना तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना रहा। बैठक में अवगत कराया गया कि संपूर्णता अभियान 2.0 दिनांक 14 अप्रैल 2026 तक निरंतर संचालित रहेगा।
प्रशिक्षण के दौरान पर्यवेक्षक तबस्सुम खान द्वारा कार्यकर्ताओं को चार प्रमुख संकेतकों— गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीकरण, बच्चों का नियमित टीकाकरण, पूरक पोषण आहार (THR) का प्रभावी वितरण एवं संबंधित सेवाओं की निगरानी— के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन डेटा एंट्री का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अब बच्चों की उपस्थिति फेस कैप्चरिंग तकनीक के माध्यम से दर्ज की जाएगी, जिससे केंद्रों में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित हो सकेगी।
कार्यकर्ताओं को टेक होम राशन (THR) के वितरण एवं उसे डिजिटल पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र हितग्राहियों तक पोषण सामग्री की पहुँच पारदर्शी बनी रहे।
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढांचे पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को केंद्रों में पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों के शारीरिक विकास की नियमित निगरानी हेतु प्रत्येक बच्चे का समय-समय पर वजन एवं लंबाई मापन तथा ग्रोथ चार्ट का नियमित अद्यतन अनिवार्य किए जाने पर बल दिया गया, जिससे कुपोषित बच्चों की शीघ्र पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
पर्यवेक्षक तबस्सुम खान ने अपने संबोधन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता इस अभियान की मुख्य कड़ी हैं और उनकी सक्रिय सहभागिता से ही बजाग ब्लॉक विकास के मानकों पर अग्रणी बनेगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आकांक्षी ब्लॉक के समग्र कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
