
“वर्षों की बदहाली पर लगेगी लगामः लावालौंग-पांकी सड़क के लिए 22 करोड़ स्वीकृत”
🔹”हादसों और कीचड़ से राहत की उम्मीदः लावालौंग-पांकी रोड निर्माण को हरी झंडी”
पलामू/ चतरा: लावालौंग–पांकी मुख्य सड़क की वर्षों पुरानी बदहाली अब इतिहास बनने जा रही है। डीएमएफटी फंड से 22 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में राहत और उत्साह का माहौल है ।
22 करोड़ से बदलेगी सड़क
लावालौंग–पांकी मुख्य सड़क लंबे समय से गड्ढों, हादसों और कीचड़ की पहचान बन चुकी थी। बरसात में यह सड़क दलदल में बदल जाती थी, जिससे लावालौंग प्रखंड का संपर्क लगभग कट जाता था और एंबुलेंस, स्कूली बच्चों व किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था ।
संघर्ष और आंदोलनों का परिणाम
इस सड़क के सुधार के लिए हजारों ग्रामीणों ने वर्षों तक संघर्ष, धरना–प्रदर्शन और प्रतीकात्मक आंदोलनों का सहारा लिया। कीचड़ में धरना, सड़क पर धान की रोपाई जैसे आक्रोशपूर्ण कार्यक्रम कई बार अखबारों की सुर्खियां बने, जिसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की पहल हुई ।
जनप्रतिनिधियों की पहल
लमटा पंचायत के मुखिया एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित कुमार चौबे ने बताया कि सांसद कालीचरण सिंह और विधायक कुमार उज्ज्वल दास के लगातार प्रयास से डीएमएफटी फंड से सड़क निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ। उनके अनुसार, यह स्वीकृति जनप्रतिनिधियों की एकजुटता और जनता के लंबे संघर्ष का नतीजा है।
15 जनवरी को होगा शिलान्यास
सड़क की भयावह स्थिति को देखते हुए विधायक कुमार उज्ज्वल दास के नेतृत्व में लमटा, कोलकोल, लावालौंग और मंघनिया पंचायत के मुखियाओं ने दो बार उपायुक्त से मुलाकात कर निर्माण की मांग की। अमित चौबे ने बताया कि सांसद और विधायक ने जनता से वादा किया था कि खरमास के बाद 15 जनवरी को लावालौंग प्रखंड मुख्यालय में सड़क का विधिवत शिलान्यास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी ।