

रिपोर्टर राजकुमार हमीरपुर अखंड भारत
सुमेरपुर हमीरपुर। ब्लाक के टिकरौली गांव के मिनी स्टेडियम में गुरुवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) का 77वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आयोजित आकर्षक परेड में विभिन्न ब्लॉकों की टोलियों ने अनुशासन और दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी नेहा सोनी ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जवानों को सम्मानित किया।
उन्होंने बताया कि पीआरडी जवान सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी भूमिका निभाते हैं। उनकी सतर्कता, अनुशासन और तत्परता इस दल की पहचान है। उन्होंने स्थापना दिवस पर उनके योगदान को सराहा।
परेड प्रतियोगिता में भीषम सिंह ब्लॉक सरीला की टोली प्रथम स्थान पर रही, जबकि टोली नंबर दो को सर्वश्रेष्ठ टोली घोषित किया गया। टोली के जवान माताप्रसाद, अजय, आशीष, शैलेंद्र सहित 14 जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। टोली नंबर दो के कमांडर अनिरुद्ध को सर्वश्रेष्ठ कमांडर चुना गया।
कार्यक्रम में प्रभारी अधिकारी नेहा सोनी ने कुरारा ब्लॉक के पीआरडी जवान राकेश को उनके घर में हुए अग्निकांड से हुई क्षति पर 5100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उनके इस मानवीय कदम की सराहना की गयी।
नेहा सोनी ने कहा पीआरडी जवान सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। चाहे सुरक्षा व्यवस्था हो, आपदा प्रबंधन हो या जनसेवा—पीआरडी दल हर परिस्थिति में तत्परता और निष्ठा से प्रशासन का सहयोग करता है। जवानों का अनुशासन और समर्पण ही इस दल की सबसे बड़ी शक्ति है।