

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मीरपुर/मौदहा। मौदहा विकासखंड के भवानी, चमरखन्ना, लरौध, हिमौली, पारा और लदार सहित कई गांवों के लोगों की वर्षों पुरानी समस्या अब समाप्त होने की उम्मीद जगी है। बरसात के मौसम में इन गांवों का कस्बे से संपर्क पूरी तरह टूट जाता था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।ग्रामीणों ने बताया कि एक ओर चंद्रावल नदी और दूसरी ओर सीहो नदी होने के कारण बारिश के दिनों में गांव चारों तरफ से घिर जाते थे। बीमारी, प्रसव या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को जान जोखिम में डालकर ट्यूब और कीपा (स्थानीय नाव) के सहारे नदी पार करनी पड़ती थी। यह समस्या गांव बसने के समय से चली आ रही थी।अब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर भवानी से लदार तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सड़क बनने से हजारों ग्रामीणों को बरसात के दौरान भी सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। हालांकि ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ साबित हो और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।