
डिंडोरी ।10 मार्च 2026
डिंडोरी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 8 मार्च को दीदी कैफे में महिला दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के तेलीय चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन और अधिक भव्य एवं गौरवपूर्ण बन गया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस,, श्रीमती साक्षी सोनी गोल्ड मेडलिस्ट लॉ कॉलेज छतरपुर,वरिष्ठ समाजसेवी नीलू जैन, शिल्पा जैन, सविता बर्मन, साक्षी सोनी, नेहा छावणा, रेखा कुशवाहा, कुंती गौतम, माही बारोतिया, , कल्पना मिश्रा, कार्यक्रम में लगभग 100 से अधिक मातृशक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन रानी अवंती बाई संश्रय संस्था द्वारा किया गया।कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के लगभग 25 स्वच्छता प्रहरियों एवं मातृशक्तियों को कलेक्टर द्वारा श्रीफल एवं पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी महिला आरक्षक दीपमाला नागले, माही बारोटिया तथा सफाई अभियान से जुड़े करीब 30 सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नगर की उत्कृष्ट महिलाओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया।मंचासीन सभी अतिथियों का स्वागत शाल, श्रीफल, पगड़ी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती रेखा प्रकाश कुशवाहा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में रानी अवंती बाई काल सेंटर की संस्थापक सील महदेल एवं उनकी सहयोगी नीलम छोकरा साथ ही प्रधानमंत्री से सम्मानित एक्सीलेंस अवार्ड में सिद्धेश्वरी शराफ जबलपुर से डिंडोरी आने पर उनका भाव स्वागत किया गया।कार्यक्रम का संचालन मंजूषा शेख शर्मा द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन नीलू जैन द्वारा किया गया।इस अवसर पर जबलपुर से आई साहित्यकार एवं रानी अवंती बाई संशय संस्था की संरक्षिका शीला महादेव ने अपने उद्बोधन में नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मां अनुसूइया से लेकर भारतवर्ष की महान मातृशक्तियों के योगदान का उल्लेख किया तथा रानी अवंती बाई के बलिदान का स्मरण कराया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास एवं 8 मार्च को इसके आयोजन के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया ने अपने उद्बोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी मातृशक्ति एवं बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज और देश के विकास में नारी का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन कर्त्तव्यनिष्ठा के साथ करते हुए जिले के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की समस्याओं के समाधान के लिए सतत प्रयासरत रहती हैं। व्यस्तता के कारण यदि किसी से मुलाकात नहीं हो पाती है तो पुनः मिलने या दूरभाष के माध्यम से चर्चा की जा सकती है।उन्होंने कहा कि जिले में लहरी बाई जैसी महान हस्ती निवासरत हैं, जो डिंडोरी जिले को गौरवान्वित करती हैं। कलेक्टर ने सभी मातृशक्तियों से अपील की हैं कि वे अपने आत्मसम्मान और सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा बच्चों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही अपनी बेटियों को चंद्रविजय महाविद्यालय में संचालित निशुल्क कोचिंग कक्षाओं में भेजने का आह्वान किया, ताकि वे आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सोच में सुधार करने की जरूरत है और तरासने की जरूरत है। प्रशासन सदैव आपके साथ है। कार्यक्रम के अंत में सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं रंग पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह एवं आनंद से परिपूर्ण रहा।