

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बांदा रोड पर टिकरी गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने मोपेड सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार टिकरी बुजुर्ग गांव निवासी 20 वर्षीय समीर अपने मामा राम बिहारी और पिता रामबहोरी वर्मा के साथ मोपेड से फत्तेपुर गांव जा रहा था। रात करीब 11 बजे टिकरी स्थित पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि समीर और उसके मामा राम बिहारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामबहोरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल रामबहोरी ने बताया कि उनके साले राम बिहारी उनके घर आए हुए थे। उन्हें छोड़ने के लिए वह अपने छोटे बेटे समीर के साथ फत्तेपुर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मौदहा और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।