A2Z सभी खबर सभी जिले की

देश में पहली बार घड़ियाल संरक्षण की अनूठी पहल

वन मंत्री ने चम्बल नदी में छोड़े 10 घड़ियाल हैचलिंग्स

वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने गुरुवार को सवाई माधोपुर जिले के राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य, पालीघाट में घड़ियालों के संरक्षण और सुरक्षा के लिए एक अनूठी पहल की। उन्होंने 5 माह उम्र के कुल 30 में से 10 घड़ियाल हैचलिंग्स को चम्बल नदी में उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा। शेष को 5-6 दिन के अंतराल पर चंबल नदी में छोड़ा जाएगा।

वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा रियरिंग फास्ट ट्रैक-हेड स्टार्टिंग कार्यक्रम के तहत घड़ियाल के इन बच्चों को अंडों से बाहर निकालने के बाद संरक्षित किया गया था। राज्यमंत्री संजय शर्मा ने बताया कि यह घड़ियाल संरक्षण की अनूठी पहल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिशा निर्देशानुसार शुरू की गयी है।

वन विभाग ने चंबल किनारे मादा घड़ियाल के अंडे देने के स्थान से अंडे से निकले बच्चों को संरक्षण के लिए रेस्क्यू किया गया था। अब जब ये घड़ियाल के बच्चे 75 सेंटीमीटर के हो गए हैं, तब उनको प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जा रहा है।

Related Articles

वन राज्यमंत्री ने चंबल अभयारण्य का अवलोकन कर घड़ियाल संरक्षण, कृत्रिम प्रजनन और वैज्ञानिक रियरिंग तकनीकों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि चम्बल नदी क्षेत्र के पारिस्थितिकी संतुलन की धुरी है और पालीघाट में जिस प्रकार वैज्ञानिक ढंग से कार्य हो रहा है, उसी तर्ज पर धौलपुर और अन्य क्षेत्रों में भी चम्बल नदी तंत्र में घड़ियाल संरक्षण को सशक्त किया जाएगा।

शर्मा ने कहा कि घड़ियाल अभयारण्य को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पालीघाट और चम्बल तट को “इको-टूरिज्म जोन” के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चम्बल क्षेत्र “घड़ियालों की धरती और पर्यावरणीय संतुलन का प्रतीक” बनकर उभर रहा है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!