
जहानाबाद। जिले में मंगलवार को मद्य निषेध विभाग ने लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया है। इस मामले में दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के तहत हुई। मद्य निषेध उत्पाद अधीक्षक दिलीप कुमार पाठक को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से गया-जहानाबाद के रास्ते एक ट्रक अवैध शराब लेकर पटना की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही अधीक्षक ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला। गया-पटना मुख्य मार्ग पर उमता धरणई के पास संदिग्ध ट्रक को घेराबंदी कर रोका गया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि ट्रक के अंदर शातिर तरीके से एक गुप्त तहखाना बनाया गया था, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। प्रशासन ने ट्रक को जब्त कर उत्पाद थाने पहुंचाया है, जहां शराब की बोतलों को उतारकर गिनती की जा रही है। मौके से पुलिस ने ट्रक चालक प्रवीण सिंह और उसके साथी राजेश कुमार मीणा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी राजस्थान के निवासी हैं।
पूछताछ में चालक ने दावा किया कि उसे हरियाणा से पटना तक गाड़ी पहुंचाने के लिए 20 हजार रुपये का लालच दिया गया था और उसे ट्रक के अंदर मौजूद सामान की जानकारी नहीं थी। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

