मौदहा हमीरपुर । कस्बे के वार्ड नंबर 19 सीचोली पुरवा में करीब पांच फीट गहरे नाले में गाय की बछिया गिर गयी । जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बछिया को नाले से बाहर निकाला। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद संबंधित जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचे।बछिया की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक नाला बनने के बाद से इसमें पानी की निकासी के लिए आगे कोई उचित रास्ता नहीं बनाया गया है, जिसके चलते नाले में पानी भरा रहता है। लोगों का कहना है कि नाला करीब पांच फीट गहरा होने के कारण इसमें छोटे बच्चों के गिरने का भी खतरा बना हुआ है। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे भी आवागमन करते हैं, ऐसे में किसी दिन बड़ी अनहोनी हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले एक छोटी बच्ची भी नाले में गिर चुकी है। मामले की शिकायत तहसील दिवस में भी की गई थी। लोगों का कहना है कि कई बार उच्चाधिकारियों और नगर निकाय के जिम्मेदारों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक नाले की पानी निकासी और सुरक्षा के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नाले की तत्काल सफाई, पानी निकासी की व्यवस्था और सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति के साथ गंभीर हादसा न हो।