बानसूर। नशे को ना कहने का संदेश आरसीआई स्कूल बानसूर में गूंजा। नशा मुक्ति महाअभियान के तहत स्कूल में खास कार्यक्रम हुआ जहां सैकड़ों विद्यार्थियों ने एक साथ नशे से दूर रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से पधारीं प्रियंका दीदी, शीला गोयल, विमला देवी और राहुल जी ने बच्चों से दिल की बात की। उन्होंने बताया कि नशा चाहे दारू का हो, तंबाकू का हो या आजकल का सबसे बड़ा नशा मोबाइल का, ये सब जिंदगी बर्बाद कर देते हैं।
दीदियों ने बच्चों को एक अलग अंदाज में समझाया। बोलीं *”जब नशा करना ही है तो एक बार किताबों का नशा करके देखो। ये नशा आपको जमीन से आसमान तक पहुंचा देगा।”* मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल को भी नशे की श्रेणी में रखते हुए कहा कि पढ़ाई के समय फोन साइड में रखो और सपनों पर फोकस करो।
स्कूल के निदेशक और प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान स्कूल का पूरा स्टाफ, मैनेजमेंट टीम और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मकसद साफ था – बच्चों को नशे से बचाकर उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और उज्ज्वल भविष्य की तरफ ले जाना। शपथ के बाद बच्चे जोश से भरे नजर आए और उन्होंने नशे से दूर रहने का संकल्प दोहराया।