

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर । गुरुवार को आए तूफान के बाद उत्पन्न हुए बिजली संकट से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। नमामि गंगे परियोजना की जलापूर्ति ठप होने तथा हैंड पंपों के खराब होने से संकट गहरा गया है। लोग दूरदराज से पानी लाने को मजबूर हो रहे हैं।गुरुवार की रात 12 बजे आए तूफान के साथ गुल हुई बिजली की आपूर्ति रविवार शाम तक ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं शुरू हो सकी है। बिजली गुल होने से गांवों में पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। नमामि गंगे की आपूर्ति तूफान के बाद से ठप पड़ी हुई है। हैंडपंप खराब पड़े हैं। लोगों को दूरदराज से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। सर्वाधिक संकट ब्लाक की बड़ी आबादी की पंचायतों मे है। इंगोहटा, बिदोखर, टेढा, पचखुरा महान, पत्योरा, देवगांव, चंद्रपुरवा बुजुर्ग, बांकी, नदेहरा, कुंडौरा, दरियापुर, पंधरी, मुंडेरा आदि गांव भी पानी के संकट से जूझ रहे हैं।