A2Z सभी खबर सभी जिले की

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक संपन्न,पेयजल व्यवस्था, अवैध उत्खनन एवं सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक संपन्न

पेयजल व्यवस्था, अवैध उत्खनन एवं सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुर्णा – कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष पांढुर्णा में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं, जनहितकारी कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी सौसर श्री प्रियंक मिश्रा, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी श्री सुभाष गाडगे से जिले में पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बढ़चिचोली, मारकावाड़ा एवं कालापाठा ग्रामों में उत्पन्न पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने नलकूप, हैंडपंप एवं अन्य वैकल्पिक जल स्रोतों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारु एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने खनिज अधिकारी श्री महेश नगपुरे को बिछुआ बग्गू क्षेत्र में सक्रिय खनिज माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही खमारपानी स्थित पुल के नीचे अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री राजकुमार इवनाती से नीलकंठ श्मशान घाट रोड की अव्यवस्थित स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य प्रारंभ कर आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त श्रम अधिकारी को प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के अधिकाधिक पंजीयन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। वहीं खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रीता मर्सकोले से जिले में डीजल एवं पेट्रोल यूनिट की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

जल संरक्षण अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर, युवा संगम कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा जल गंगा संवर्धन एवं जनभागीदारी अभियान की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण गतिविधियों एवं जनसहभागिता से संबंधित आंकड़ों में वृद्धि करने के निर्देश देते हुए अभियान को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने पर विशेष बल दिया।

शासकीय आईटीआई पांढुर्णा के प्राचार्य श्री ज्ञानदेव तलमले को युवा संगम कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग को विद्यालय परिसर में सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत 100 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों का अधिकतम संतुष्टि स्तर के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मांग आधारित 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश देते हुए विभागीय समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने पर बल दिया।

Show More
Back to top button