
पंचायत सरकार भवन शिविर स्थल का निरीक्षण
2 जून को आयोजित होने वाले ‘सहयोग शिविर’ की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय

जहानाबाद। जिले में 2 जून को आयोजित होने वाले ‘सहयोग शिविर’ की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने काको प्रखंड के पिंजौरा स्थित पंचायत सरकार भवन पहुंचकर शिविर स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिविर स्थल पर प्राप्त आवेदनों की स्थिति, विभागीय समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
जिला पदाधिकारी ने पीएचईडी, पंचायती राज, आईसीडीएस, ग्रामीण कार्य विभाग, राशन कार्ड, आवास योजना, मनरेगा और श्रम विभाग सहित कई विभागों से जुड़े आवेदनों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर से पहले प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कर उन्हें अनिवार्य रूप से ‘सहयोग पोर्टल’ पर अपलोड किया जाए।निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग और बिजली विभाग को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पंचायत सरकार भवन के आसपास ढीले और झूलते बिजली तारों को तुरंत ठीक कराने को कहा गया।
ग्रामीणों ने परिमार्जन से जुड़े लंबित मामलों की शिकायत भी की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया।जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 2 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।