A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :सड़क हादसों पर सख्त हुए डीएम, एनएच-34 के 25 ब्लैक स्पॉट्स पर लगेंगी हाई मास्ट लाइटें

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर:अभिषेक गोयल ने जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर संबंधित विभागों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एनएच-34 पर चिन्हित 25 ब्लैक स्पॉट्स पर रिफ्लेक्टर और हाई मास्ट लाइट लगाने, सभी टी-पॉइंट्स पर येलो रिपीटर बार स्थापित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर स्टील स्टेप बैरियर लगाने के निर्देश दिए, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि हाईवे पर ट्रकों के सुरक्षित ठहराव के लिए छोटे-छोटे ट्रक ले-बाई विकसित किए जाएं, जिससे अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की समस्या खत्म हो सके। बिना डिवाइडर वाली सड़कों पर खराब होकर खड़े वाहनों से हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने ब्रेकडाउन वाहनों के खिलाफ सख्त चालान कार्रवाई एवं बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहनों का पंजीयन निरस्त करने के निर्देश दिए।

Related Articles

दुर्घटनाओं में घायलों को शीघ्र राहत पहुंचाने के उद्देश्य से डायल-112 वाहनों में कटर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि क्षतिग्रस्त वाहनों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। प्रशासन के निर्देश पर एनएच-34 स्थित राठ तिराहा, यमुना पुल और बेतवा पुल पर तीन हाई मास्ट लाइटें स्थापित कराई जा चुकी हैं। साथ ही पुलों की सफाई, रिफ्लेक्टिव टेप लगाने एवं क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर की मरम्मत का कार्य भी कराया गया है।

एनएचएआई टीम द्वारा यमुना और बेतवा पुल का आकलन किए जाने के बाद आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Show More
Back to top button