A2Z सभी खबर सभी जिले की

पुलिस कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर आयोजित

 21 पुलिसकर्मियों ने किया रक्तदान, 180 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

गणेश पाण्डे डिंडोरी

डिंडौरी    पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम, जिला डिंडौरी में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में अमृता हॉस्पिटल, जिला शहडोल के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण तथा जिला अस्पताल डिंडौरी के माध्यम से रक्तदान शिविर संपन्न कराया गया।

शिविर का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान करना तथा लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। शिविर में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविन्द्र आंबेडकर द्वारा हड्डी, नसों एवं जोड़ों से संबंधित विभिन्न समस्याओं का परीक्षण किया गया तथा मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं सावधानियों की जानकारी दी गई। वहीं महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखा शुक्ला एवं उनकी टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं पर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

आयोजित रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर के दौरान कुल 21 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व के संबंध में जानकारी देते हुए समाज एवं जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में रक्तदान की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

Related Articles

वहीं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में करीब 180 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच एवं परीक्षण के उपरांत स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए उचित परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार आगे उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी गई।

शिविर को सफल बनाने में अमृता हॉस्पिटल, जिला शहडोल की चिकित्सा टीम तथा जिला अस्पताल डिंडौरी की टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। चिकित्सा दल द्वारा शिविर में आने वाले पुलिस परिवार के सदस्यों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में एसडीओपी सतीश द्विवेदी, एसडीओपी डिंडौरी विवेक गौतम, रक्षित निरीक्षक अभिनव राय सहित विभिन्न थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिस परिवार के सदस्यों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।पुलिस विभाग द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर पुलिस परिवार के स्वास्थ्य संरक्षण, जागरूकता एवं कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल साबित हुआ। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाजहित में रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

Show More
Back to top button