

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा, हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देश पर मंगलवार शाम मौदहा कस्बे के बड़े चौराहा एवं नेशनल हाईवे-34 पर मौदहा पुलिस द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच कर यातायात नियमों के पालन को लेकर लोगों को जागरूक किया।

चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट न लगाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की सलाह भी दी।

अभियान के चलते हाईवे एवं प्रमुख चौराहों पर देर शाम तक पुलिस की सक्रियता बनी रही, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहनों के ई-चालान किए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से आगे भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।