

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार रिपोर्ट
हमीरपुर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम टिकरौली में शुक्रवार सुबह हुई मारपीट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सुबह करीब 6:30 बजे दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों समेत परिवार के लोगों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार रामबाबू पाल, उनकी पत्नी गीता, रामवती, संकेट पाल और प्रांजलि समेत परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि मनोज, विनोद, भारत, उत्कर्ष, सावित्री, सुनीता और विनोद की पत्नी सहित कई लोगों ने एकजुट होकर हमला किया। पीड़ितों ने बताया कि वर्ष 2022 में भी उनके साथ मारपीट की घटना हुई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल हमीरपुर भेजा गया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई भी प्रचलित है।