
रिपोर्ट अजय कुमार गुप्ता
कोटेदारों का लाभांश 90 से बढ़कर हुआ 125 रुपये प्रति क्विंटल
राजातालाब।आराजी लाइन ब्लॉक सभागार में खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव की देखरेख में कोटेदारों हेतु आयोजित मुख्यमंत्री का डिजिटल प्रसारण समाप्त होने के बाद रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कोटेदारों के लिए सरकार द्वारा किए गए नए फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने कोटेदारों का लाभांश बढ़ाया है। अब तक कोटेदारों को 90 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलता था, जिसे 35 रुपये बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को नए राशन कार्ड की स्वीकृति पत्र वितरण किया।खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि अब कोटेदारों को मैनुअल कागजात और रजिस्टर रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ई-पॉस मशीन के माध्यम से अधिकांश कार्य ऑनलाइन होंगे। कोटेदार डिजिटल ई-पॉस से बिजली बिल जमा करने समेत अन्य ऑनलाइन सेवाएं भी दे सकेंगे। अपनी दुकानों पर नशीले पदार्थों को छोड़कर करीब 39 प्रकार की खाद्य सामग्री भी बेच सकेंगे। इससे कोटेदारों की आय बढ़ने के साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि सरकार प्रत्येक गांव में अन्नपूर्णा भवन बनवा रही है। इससे कोटेदारों को राशन की दुकान के लिए अलग से किराये का कमरा नहीं लेना पड़ेगा।खाद्य पूर्ति निरीक्षक पुलकित वत्स ने बताया कि अन्नपूर्णा भवन में दुकान संचालित होने से किराये और बिजली बिल के खर्च में बचत होगी। बढ़े हुए कमीशन का लाभ कोटेदारों को अधिक मिलेगा और दुकान संचालन का खर्च भी कम होगा। उन्होंने बताया कि सरकार बेटियों की शादी के लिए पात्र परिवारों को 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दे रही है।खंड विकास अधिकारी ने पुष्प गुच्छ के साथ अंग वस्त्र देकर सभी अतिथियों का स्वागत किया।

