हरसौरा थाना पुलिस ने अपहरण कर मारपीट करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह आईपीएस के निर्देशानुसार तथा वृत्ताधिकारी बानसूर सुहासी जैन आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रकाश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 नवंबर को आरोपी शैतान सिंह और हेमंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना 30 सितंबर की है। बर्डोदामेव हाईवे के पास परिवादी के पोते का फॉर्च्यूनर गाड़ी में अपहरण कर नांगल लाखा नदी क्षेत्र में ले जाया गया था। वहां आरोपियों ने लोहे की रॉड और हॉकी से उसके साथ बुरी तरह मारपीट की तथा अधमरा हालत में नदी क्षेत्र में पटककर फरार हो गए थे।
घटना के संबंध में मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया तथा वारदात में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन भी जब्त कर लिया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।
