मौदहा, हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर मदारपुर और नरायच गांव के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, करहिया गांव निवासी आशीष पुत्र महावीर अपने पिता महावीर के साथ बाइक से मौदहा से गांव लौट रहे थे, जबकि गहबरा गांव निवासी सुनील पुत्र शिव नारायण बाइक से मौदहा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-34 पर मदारपुर और नरायच के बीच दोनों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हो गई।
हादसे में सुनील और महावीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आशीष को मामूली चोटें आईं। तीनों को पुलिस द्वारा सीएचसी मौदहा पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद महावीर को जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया, वहीं सुनील की हालत अधिक गंभीर होने के चलते उसे कानपुर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। आशीष का उपचार मौदहा के सरकारी अस्पताल में किया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर यातायात सुचारु रहा तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
