
पांढुर्णा के शासकीय महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
UG, PG एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों हेतु विस्तृत समय-सारणी जारी, विद्यार्थियों को निःशुल्क सुविधा उपलब्ध
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
उच्च शिक्षा विभाग के महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG) एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों (B.Ed, M.Ed आदि) में प्रवेश की ऑनलाइन प्रक्रिया 01 मई 2026 से प्रारंभ हो गई है। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विस्तृत समय-सारणी जारी की गई है, जिसके अनुसार निर्धारित तिथियों में पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, सीट आवंटन एवं शुल्क भुगतान की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
जारी समय-सारणी के अनुसार स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों के प्रथम चरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन 01 मई से 15 मई 2026 तक तथा दस्तावेज सत्यापन 02 मई से 16 मई तक होगा। प्रथम चरण का सीट आवंटन 20 मई को किया जाएगा एवं 20 मई से 26 मई तक शुल्क जमा किया जा सकेगा। द्वितीय चरण के पंजीयन 28 मई से 03 जून तक एवं सी.एल.सी. प्रथम चरण के पंजीयन 15 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों के अंतर्गत प्रथम चरण के लिए पंजीयन 02 मई से 15 मई 2026 तथा दस्तावेज सत्यापन 04 मई से 16 मई तक होगा, जबकि सीट आवंटन 21 मई को किया जाएगा। इसके द्वितीय चरण के पंजीयन 28 मई से 03 जून तक तथा सी.एल.सी. प्रथम चरण के पंजीयन 15 से 19 जून 2026 तक निर्धारित किए गए हैं। वहीं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों (B.Ed, M.Ed आदि) के प्रथम चरण के पंजीयन 02 मई से 14 मई 2026 तक, दस्तावेज सत्यापन 04 से 15 मई तक तथा सीट आवंटन 20 मई को होगा। इन पाठ्यक्रमों के द्वितीय चरण के पंजीयन 28 मई से 03 जून एवं तृतीय चरण के पंजीयन 15 जून से 19 जून 2026 के बीच संपन्न होंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन पंजीयन एवं दस्तावेज सत्यापन पूर्ण करें। प्रवेश की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी। किसी भी प्रकार की जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए विद्यार्थी महाविद्यालय के हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं तथा समय-समय पर आवश्यक सूचनाओं के लिए महाविद्यालय के व्हाट्सएप ग्रुप से भी जुड़ सकते हैं।
प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आवेदन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी प्रकार की त्रुटि होती है, तो उसे स्वयं अथवा ऑनलाइन केंद्र के माध्यम से सुधारकर वेरिफिकेशन अधिकारियों द्वारा सत्यापित कराया जा सकता है।
महाविद्यालय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के लगभग सभी पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। विज्ञान संकाय में विशेष रूप से कंप्यूटर साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, भौतिक शास्त्र, रसायन, गणित, बॉटनी एवं जूलॉजी जैसे विषय संचालित हैं। ‘प्रधानमंत्री उत्कृष्ट’ महाविद्यालय के रूप में चयनित होने के बाद यहां अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिनमें कंप्यूटर लैब, आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध लाइब्रेरी, विशाल खेल मैदान एवं खेल विभाग शामिल हैं। साथ ही, यूजीसी नेट (UGC NET) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं मार्गदर्शन की सुविधा भी विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही है।