
दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी से इंकार

दुल्हन द्वारा शादी से इनकार से नाराज बारातियों ने किया हंगामा
जहानाबाद। जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब वरमाला से ठीक पहले दूल्हा नशे की हालत में अजीब हरकतें करने लगा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। दरअसल, ये पूरा मामला ओकरी थाना क्षेत्र के देवरा-मठ गांव की है। दुल्हन द्वारा शादी से इनकार से नाराज बारातियों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और शादी स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक होने लगी। जिसके बाद बाराती अंधेरे का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को बंधक बना लिया। रात भर चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आज सुबह मामला पुलिस तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दूल्हे को ग्रामीणों से मुक्त करा कर अपने साथ थाने ले गयी।
जानकारी के अनुसार, देवरा-मठ गांव निवासी नागेंद्र राम की पुत्री नेहा कुमारी की शादी पटना के पुनाईचक मोहल्ला निवासी छोटू कुमार उर्फ रंजन के साथ तय हुई थी। लड़की पक्ष की ओर से शादी को लेकर भव्य तैयारी की गई थी। पूरे गांव को सजाया गया था और मेहमानों के स्वागत के लिए भोज-भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई थी। ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजे के साथ बारात देवरा-मठ गांव पहुंची। जहां सेहरा बांधे दूल्हा भी बारात के साथ आया। शुरुआत में सभी रस्में सामान्य रूप से पूरी हुईं। लेकिन वरमाला से पहले द्वारपूजा के समय अचानक दूल्हे की हालत बिगड़ने लगी। वह गाड़ी से उतरते ही लड़खड़ाने लगा और अजीबोगरीब हरकतें करने लगा।