

जहानाबाद। जिले में एक तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। यह घटना बुधवार रात घोसी थाना क्षेत्र के सुजातपुर गांव में हुई। बच्चे को सिर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुजातपुर गांव निवासी कृष्ण यादव के बेटे का तिलक समारोह चल रहा था। कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयोजन के दौरान कुछ लोग हथियार लेकर आए और हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी फायरिंग में विपिन यादव के 10 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार के सिर में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल रोशन को तत्काल घोसी पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि तिलक समारोह में गोली लगने से 10 वर्षीय बालक की मौत हुई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है और हथियार बरामद करने का भी प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस का कहना है कि वे लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद हर्ष फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने बताया कि कुछ समय पहले भी हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल हुए थे, जिन पर कार्रवाई की गई थी।