
कुट्टी काटने वाली मशीन में छह वर्षीय बच्चे का फंसा हाथ, गंभीर रूप से घायल

चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों को मशीन, आग, बिजली और अन्य खतरनाक जगहों से दूर रखें
जहानाबाद। जिले के मखदुमपुर क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर घोसी गांव में शनिवार को एक हादसा हुआ। यहां कुट्टी काटने वाली मशीन में छह वर्षीय बच्चे लक्ष्मण कुमार का हाथ फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार, घर में कुट्टी काटने का काम चल रहा था। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते मशीन के पास पहुंच गया और अचानक उसका हाथ मशीन में चला गया। हाथ फंसते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तुरंत मशीन बंद कर बच्चे को बाहर निकाला और उसे आनन-फानन में जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में बच्चे का इलाज डॉ. अरविंद कुमार नंदा की देखरेख में जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों को मशीन, आग, बिजली और अन्य खतरनाक जगहों से दूर रखें। उन्होंने बच्चों की हमेशा निगरानी करने की सलाह दी, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
