

संवाददाता- बलराम निषाद
अखंड भारत न्यूज़
दैनिक समाचार बस्ती
बस्ती। संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती जनपद में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ऑल इंडिया एक्शन कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीन चौधरी के नेतृत्व में गोपालपुर स्थित बुद्ध विहार पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत मुंडाडीहा उर्फ भोपालपुर बुद्ध विहार से एक विशाल रैली निकाली गई, जो हनुमानगंज बाजार, पकरी, रौनाकला, रौनिहिया, भीटिया नगर होते हुए मथुरापुर चौराहे तक पहुंची। रैली में विभिन्न ग्राम सभाओं—हनुमानगंज, पकरी, रौनाकला समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
इस दौरान प्रवीन चौधरी ने बाबा साहब के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता, समता और बंधुत्व की स्थापना के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और दलित समाज को अधिकार दिलाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए।
उन्होंने बताया कि बाबा साहब ने 1924 में ‘बहिष्कृत हितकारिणी सभा’ की स्थापना की और 1927 में महाड़ सत्याग्रह के माध्यम से दलितों को सार्वजनिक जल स्रोतों से पानी पीने का अधिकार दिलाने के लिए आंदोलन किया। इसके अलावा वाइसरॉय की कार्यकारी परिषद में श्रम मंत्री रहते हुए उन्होंने श्रमिकों के हित में कार्य समय 12 घंटे से घटाकर 8 घंटे किया और कई श्रम कानून लागू कराए।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मंजय कन्नौजिया, जिला सलाहकार शैलेन्द्र बहादुर राव, जिला महामंत्री इंद्रजीत, जिलामंत्री रवि सिंह, दानिश शाह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा रोहन कुमार, विनोद कुमार, विकास कुमार, पंकज कुमार, राजन कुमार, सुग्रीव कुमार, मनीष कुमार, ओमप्रकाश, दिलीप कुमार और सुखदेव भारती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी सभा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।