A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर में किसान दिवस सम्पन्न, किसानों को योजनाओं व फसल प्रबंधन की दी गई जानकारी

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। जनपद मुख्यालय स्थित एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में माह के तृतीय बुधवार को आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन 15 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक हमीरपुर द्वारा उपस्थित अधिकारियों, किसान भाइयों एवं किसान संगठनों का स्वागत करते हुए की गई।

Related Articles

इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी ने किसानों को खेतों में आगजनी से बचाव के प्रति जागरूक किया। अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं अग्रणी जिला प्रबंधक ने किसानों को केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) के अल्पावधि ऋण की समय पर अदायगी के फायदे बताते हुए ब्याज सब्सिडी व फसल बीमा का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि जनपद में 90 प्रतिशत से अधिक किसान केसीसी से लाभान्वित हैं।

सहायक अभियंता लघु सिंचाई ने मध्यम एवं गहरी बोरिंग योजनाओं की जानकारी दी, जबकि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना एवं दुग्ध विकास योजनाओं के बारे में बताया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.पी. सोनकर ने फसल अवशेष प्रबंधन पर प्रकाश डाला।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने जायद फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों की रोकथाम के लिए सोलर लाइट ट्रैप, ट्राइकोडर्मा एवं बायोपेस्टीसाइड जैसी सुविधाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं किसान संगठनों से गौशालाओं में भूसा दान करने तथा फसल अवशेष न जलाने की अपील की। साथ ही किसानों को फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता रहे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को जिलाधिकारी के निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए किसान दिवस की समाप्ति की घोषणा की।

Show More
Check Also
Close
Back to top button