A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :राठ में फिर गरजा बुल्डोजर, अंबेडकर चौराहे पर हटाए गए अतिक्रमण

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

राठ (हमीरपुर)। कस्बा राठ के व्यस्त अंबेडकर चौराहे पर शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर बुल्डोजर कार्रवाई की। लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य के तहत अवैध निर्माणों को हटाया।जानकारी के अनुसार राठ-बिलराया मार्ग के चौड़ीकरण की योजना के अंतर्गत अंबेडकर चौराहे के चारों ओर 11-11 मीटर की परिधि में आने वाले अवैध निर्माणों और दुकानों को चिह्नित किया गया था। इसी क्रम में प्रशासन ने बुल्डोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दृगपाल वर्मा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवैध कब्जों को नियमानुसार हटाया जा रहा है।बताया जाता है कि लगभग चार माह पूर्व भी इसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया गया था, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण अभियान बीच में रोकना पड़ा था। इस बार प्रशासन ने पर्याप्त तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। हालांकि अधिकारियों ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अभियान पूरी तरह नियमों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अभियान के दौरान लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद अंबेडकर चौराहे पर यातायात व्यवस्था अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगी। फिलहाल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।

Related Articles
Show More
Back to top button